अजय नदी का बढ़ा पानी, दोनों जिलों के बीच टूटा संपर्क

अस्थाई ब्रिज के टूट जाने से दोनों जिलों के बीच संपर्क कट गया। हर साल बारिश के समय नदी में पानी बढ़ जाने की वजह से अस्थाई ब्रिज टूट जाता है।

author-image
Jagganath Mondal
New Update
Temporary bridge washed away

Temporary bridge washed away

टोनी आलम, एएनएम न्यूज़ : पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से अजय नदी का पानी बढ़ गया जिससे जामुड़िया के सिद्धपुर गांव में नदी पर बना अस्थाई पुल बह गया।

स्थानीय युवाओं ने ब्रिज को बचाने की कोशिश की लेकिन पानी का बहाव इतना ज्यादा था कि वह इसे बचा नहीं पाए। अजय नदी पर इस अस्थाई ब्रिज से होकर पश्चिम बर्दवान जिला और बीरभूम जिले के लोग आवागमन करते हैं। अस्थाई ब्रिज के टूट जाने से दोनों जिलों के बीच संपर्क कट गया। हर साल बारिश के समय नदी में पानी बढ़ जाने की वजह से अस्थाई ब्रिज टूट जाता है। पश्चिम वर्तमान जिला और बीरभूम जिले के लोगों के लंबे समय से मांग है कि अस्थाई ब्रिज की जगह नदी पर एक स्थाई ब्रिज का निर्माण किया जाए। 

इस बारे में सिद्धपुर बगदीहा गांव के रहने वाले सपन कुमार चक्रवर्ती ने बताया कि हर साल बारिश के मौसम में अस्थाई ब्रिज टूट जाता है जिससे पश्चिम बर्धमान जिले के साथ बीरभूम जिले का संपर्क टूट जाता है। उन्होंने कहा कि बीरभूम जिले के कई लोग पश्चिम बर्दवान आते हैं। यहां पर रोजी-रोटी कमाते हैं। लेकिन इस ब्रिज के टूट जाने से उन्हें पांडेश्वर होकर आना पड़ता है जो काफी लंबा मार्ग है। उन्होंने कहा कि अगर अस्थाई ब्रिज की जगह पर एक स्थाई ब्रिज का निर्माण किया जाए तो पश्चिम वर्तमान और बीरभूम दोनों जिलों के लोगों के लिए काफी अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में नाव पर सवार होकर लोगों को एक किनारे से दूसरे किनारे जाना पड़ता है जो की बेहद खतरनाक है। 
इसलिए उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि यहां पर स्थाई ब्रिज का निर्माण किया जाए। वहीं उन्होंने एक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के निर्माण की भी बात कही ताकि, विशेष कर बारिश के मौसम में लोगों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए परेशान ना होना पड़े। 

वही जब हमने कुछ स्थानीय लोगों से बात की तो उन्होंने भी कहा कि अस्थाई ब्रिज के टूट जाने से एक जिले से दूसरे जिले में जाना बहुत कठिनाई भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि यह समस्या पिछले 25 वर्षों से यथावत बनी हुई है, लेकिन इसका अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। उन्होंने जल्द से जल्द समस्या के समाधान के लिए सरकार से अनुरोध किया।