/anm-hindi/media/media_files/D337InWZHbaPirbx08gH.jpg)
टोनी आलम, एएनएम न्यूज़: कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म करके उनकी हत्या किए जाने के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी की तरफ से बंगाल में लगातार विरोध आंदोलन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज पूरे प्रदेश के साथ-साथ रानीगंज में भी भारतीय जनता पार्टी की तरफ से रानीगंज थाने का घेराव किया गया। इस मौके पर यहां रानीगंज भारतीय जनता पार्टी मंडल एक के अध्यक्ष देवजीत खां, शमशेर सिंह संदीप गोप, देव कुमार बोस, बादशाह चटर्जी, शताब्दी चटर्जी, कदम माझी के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।
इस बारे में देवजीत खां ने बताया कि कुछ दिनों पहले कोलकाता के एक मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार कर उनकी हत्या की गई थी। इसके विरोध में जब कल कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से स्वास्थ्य भवन घेराव करने का कार्यक्रम लिया गया था तब पुलिस द्वारा आंदोलन को कुचलने की कोशिश की गई और भारतीय जनता पार्टी के विधायक और बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी सहित कई भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया गया। इसी के खिलाफ आज पूरे प्रदेश के साथ-साथ रानीगंज में भी भाजपा की तरफ से थाना घेराव किया जा रहा है।
वही इस बारे में भाजपा उपाध्यक्ष शताब्दी चटर्जी ने कहा कि जिस तरह से 9 अगस्त को एक महिला डॉक्टर की उनके कार्य स्थल पर हत्या कर दी गई, इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। लेकिन उससे भी अफसोस की बात यह है कि प्रशासन द्वारा उसकी सही तरीके से जांच नहीं की गई और मामले को रफा दफा करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि जहां पर एक महिला मुख्यमंत्री है, स्वास्थ्य मंत्री हैं, गृह मंत्री भी महिला है उस राज्य में अगर एक महिला के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटना में न्याय पाने के लिए बंगाल के अलावा पूरे देश के लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है तो इससे शर्मनाक और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि आज सीबीआई मामले की जांच कर रही है। लेकिन राज्य सरकार द्वारा जिस तरह से सबूतों के साथ छेड़छाड़ की गई है उस वजह से सीबीआई को भी मामले की जांच में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
/anm-hindi/media/agency_attachments/7OqLqVqZ67VW1Ewake8O.png)