मूसलधार बारिश से तबाही, कई स्थानों पर गिरे पेड़

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बीती रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने, भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं।

author-image
Jagganath Mondal
New Update
Torrential rains

Himachal Landslide

स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज़: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बीती रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने, भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं। शहर के विकासनगर क्षेत्र में एक पेड़ गिरने से एक भवन की छत क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि टूटी कंडी इलाके में एक साथ आधा दर्जन से अधिक पेड़ गिरने से कई वाहन चकनाचूर हो गए और सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया।

खालिनी क्षेत्र में एक ढारा (ढलान) ढहने से वहां मौजूद छह मजदूर बाल-बाल बच गए। यह हादसा तड़के करीब 4 बजे हुआ। वहीं विकासनगर स्थित हिमुडा कॉलोनी में भी एक कार पर भूस्खलन हुआ और पेड़ गिर गया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा।

शिमला के अलावा ऊना जिले के टकोली गांव में भी बारिश से नुकसान हुआ है। ग्रामवासी अजय कुमार के मकान की एक दीवार रात में गिर गई। सौभाग्य से दीवार बाहर की ओर गिरी, जिससे कोई जानमाल की हानि नहीं हुई।

राज्य प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट पर हैं, और क्षति का आकलन किया जा रहा है। लोगों को निचले क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।