एएनएम न्यूज़, ब्यूरो : आतंकवाद को ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की भारत की नीति के साथ इंडोनेशिया भी मजबूती से खड़ा है। जानकारी के मुताबिक इंडोनेशियाई अधिकारियों ने बुधवार आतंकवाद के खिलाफ भारत की इस नीति का समर्थन किया।
भारत का एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की आतंकी करतूतों के खिलाफ देश का रुख बताने दुनिया के विभिन्न देशों की यात्रा के क्रम में है और इस दौरान जकार्ता स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने अंतर-संसदीय सहयोग समिति के उपाध्यक्ष मुहम्मद हुसैन फदलुल्लाह और इंडोनेशिया-भारत संसदीय मैत्री समूह के अध्यक्ष मुहम्मद रोफिकी से मुलाकात की तथा उन्हें आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत प्रतिबद्धता के बारे में जागरूक किया। इंडोनेशिया ने कहा कि वे आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हैं, क्योंकि यह मानवता के खिलाफ है। इंडोनेशिया ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख का पूर्ण समर्थन किया। इंडोनेशिया ने कहा कि उसका समर्थन आतंकवाद को ‘कतई बर्दाश्त न करने’ की भारत की नीति के साथ है।