/anm-hindi/media/media_files/2025/06/22/factory-2206-2025-06-22-14-41-30.jpg)
Illegal arms factory in Bokaro
एएनएम न्यूज़, ब्यूरो : बोकारो में पुलिस को अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री मिली है। इससे पहले पुलिस को धनबाद में भी ऐसी ही फैक्ट्री मिली थी। झारखंड के दो जिलों में 25 दिनों के अंदर अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्रियां मिलना इस बात का संकेत है कि राज्य में अवैध हथियारों का कारोबार फल-फूल रहा है।
बोकारो पुलिस के अधिकारी हरविंदर सिंह ने बताया कि कोलकाता एटीएस और झारखंड एटीएस ने बरमोर गांधीनगर ओपी के जरीडीह ऊपर बाजार स्थित सूरज सा के घर और कावेरी मैरेज हॉल में संयुक्त छापेमारी की। मैरेज हॉल के ठीक सामने स्थित गोदाम से हथियार बनाने वाली एक खराद मशीन, कई अर्धनिर्मित पिस्तौल और कई अवैध हथियार बनाने के उपकरण जब्त किए गए। साथ ही हथियार बनाने की कोशिश करते दो लोगों को पकड़ा गया।
एसपी हरविंदर सिंह ने यह भी बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों कारीगर बिहार के रहने वाले हैं। प्रवीण कुमार मुंगेर का और केशव कुमार खगड़िया का रहने वाला है। इस जगह से एक लाख रुपए नकद, 06 अर्धनिर्मित पिस्तौल, पिस्तौल बनाने का अन्य सामान आदि बरामद किया गया है। साथ ही यहां अवैध टिप्सी बियर भी बनाई जा रही थी। 40 डिब्बे टिप्सी बियर और बियर बनाने का अन्य सामान भी जब्त किया गया है। इस मौके पर बरमोर डीएसपी बीएन सिंह के अलावा अन्य पुलिस पदाधिकारी ही मौजूद थे। एसपी ने बताया कि इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
आपको बता दें कि 29 मई 2025 को धनबाद के महुदा में भी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का पता चला था। इस जांच में पश्चिम बंगाल और राजस्थान एटीएस भी शामिल थी। तब पता चला था कि पश्चिम बंगाल के कई इलाके यहां बनने वाले अवैध हथियारों के सबसे बड़े बाजार हैं। 19 जून को हुई कार्रवाई में कोलकाता एटीएस की मौजूदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि बोकारो में बनने वाले अवैध हथियारों से पश्चिम बंगाल का भी कनेक्शन है।