एएनएम न्यूज़, ब्यूरो: रूस-यूक्रेन संकट अब तीसरे विश्व युद्ध की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। रूस के खिलाफ अमेरिका समेत नाटो के सभी सदस्य देश पूरी ताकत के साथ खड़े हैं। वहीं, रूस का समर्थन करने वाले देशों की भी कोई कमी नहीं है। यूक्रेन के समर्थन में अमेरिका, ब्रिटेन, जापान समेत कई देशों ने तो कठोर प्रतिबंधों की झड़ी लगा दी है। जर्मनी ने तो रूस की गैस पाइपलाइन नॉर्ड स्ट्रीम-2 पर ही रोक का ऐलान कर दिया है। वही अमेरिका के रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों पर चीन भड़का हुआ है। चीनी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर अमेरिका पर भय और दहशत पैदा करने का आरोप लगाया है। पूर्वी यूरोप में जारी तनाव को लेकर चीन खुले तौर पर रूस का समर्थन कर रहा है। पाकिस्तान का भी झुकाव रूस की तरफ ज्यादा दिख रहा है। उधर बेलारूस पूरी तरह से रूस के साथ दिख रहा है, बेलारूस और रूस साथ मिलकर युद्धाभ्यास भी कर रहे हैं।