स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज़: झारखंड एंटी टेरिरिस्ट स्क्वायड ने देश में नक्सलियों और अपराधिक गिरोहों को हथियारों की सप्लाई करने वाले तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देश के पांच राज्य बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब और राजस्थान में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसमें पंजाब के फिरोजपुर के BSF-116 बटालियन के हेड कॉन्स्टेबल कार्तिक बेहरा और बिहार के सारण से 114 बटालियन से स्वैच्छिक सेवानिवृति लेने वाला अरुण कुमार सिंह के अलावा MP से कुमार गुरलाल ओचवारे, शिवलाल धवन सिंह चौहान, हिरला गुमान सिंह ओचवारे शामिल हैं।
छापेमारी द्वौरान इनके पास से 14 हाई टेक पिस्टल,21 मैगजीन,9 हजार राउंड से ज्यादा कारतूस सहित कई सामान बरामद किए गए हैं और अब तक कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर चुका है। हैरान कि बात ये है कि इनमें BSF का एक जवान और एक रिटायर जवान भी शामिल है। ये जानकारी झारखंड ATS के SP प्रशांत आनंद और IG अभियान एवी होमकर ने आज ही दी है।
IG होमकर ने कहा है कि इनके नेक्सस का मुख्य केंद्र MP और महाराष्ट्र का बॉर्डर था। एमपी के बुरहानपुर जिले और महाराष्ट्र के बुलढ़ाना जिले में इनका पूरा सेटअप था और हथियार बनाने की फैक्ट्री भी थी जहा से तैयार हुए हथियार अपने नेटवर्क के माध्यम से अलग-अलग जगहों पर सप्लाई कर रहे थे। यह गिरोह सिर्फ झारखंड ही नहीं पूरे देश में नक्सलियों और संगठित अपराधियों को हथियार की सप्लाई करता था। IG ने ये भी कहा है कि इस गिरोह से कई और लिंक मिले हैं। इसके आधार पर देश की दूसरी सुरक्षा एजेंसियां द्वारा कई ठिकानों पर छापामारी चल रही हैं।