स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति और बारिश के बीच देश के अन्य हिस्सों के साथ-साथ मध्य भारत और महाराष्ट्र के तापमान में भी 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की भविष्यवाणी की है। दिल्ली में सुबह सात बजे तापमान गिरकर 7 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं आज अधिकतम तापमान 19 डिग्री तक रह सकता है। आने वाले दिनों में बिहार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज से लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों पर हिमपात के साथ-साथ बारिश की संभावना है। हिमालयी इलाकों में तो तापमान गिरकर माइनस में चला गया है। ​