कल मनाया जाएगा धनतेरस, जाने शुभ मुहूर्त और विधि

author-image
New Update
कल मनाया जाएगा धनतेरस, जाने शुभ मुहूर्त और विधि

स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज: तिथियों के गड़बड़ाने से हर वर्ष दीपावली से दो दिन पहले मनाया जाने वाला धनतेरस त्योहार इस वर्ष एक दिन पहले मनाया जाएगा। सोमवार 24 अक्तूबर को दीपावली है वहीं उससे पहले रविवार 23 अक्तूबर का धनतेरस, यम दीपदान, चतुर्दशी व्रत व छोटी दीपावली एक साथ मनाई जाएगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार ऐसा संयोग 27 साल बाद देखने को मिल रहा है।​

शुभ मुहूर्त: 22 अक्तूबर, शनिवार को शाम 06:04 बजे से त्रयोदशी तिथि शुरू होकर अगले दिन रविवार 23 अक्तूबर को शाम 06:03 बजे तक रहेगी।

धनतेरस पूजन विधि: धनतेरस की शाम के समय उत्तर दिशा में कुबेर, धन्वंतरि भगवान और मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। पूजा के समय घी का दीपक जलाएं। कुबेर को सफेद मिठाई और भगवान धन्वंतरि को पीली मिठाई चढ़ाएं। पूजा करते समय कुबेर मंत्र का जाप करना चाहिए। फिर धन्वंतरि स्तोत्र का पाठ करना चाहिए। इसके बाद भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा करना चाहिए। माता लक्ष्मी और भगवान गणेश को भोग लगाएं और फूल चढ़ाना चाहिए। धनतरेस की शाम घर के बाहर मुख्य द्वार पर और आंगन में दीप जलाने की प्रथा भी है। शास्त्रों में वर्णित है की कार्तिक कृष्ण पक्ष त्रयोदशी की रात यम देवता का पूजन कर दक्षिण दिशा की ओर भेंट करता है उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता है। इसलिए इस दिन घर के बाहर दक्षिण दिशा की ओर दीप जलाकर रखा जाता है।