महिलाओं ने क्यों काटे अपने बाल और जलाए हिजाब

author-image
New Update
महिलाओं ने क्यों काटे अपने बाल और जलाए हिजाब

एएनएम न्यूज़, ब्यूरो: ईरान में एक युवती की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। पुलिस ने उसे हिजाब नहीं पहनने के लिए गिरफ्तार किया था। ईरान की मीडिया और मृतक के परिवार ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। यह मामला 13 सितंबर का है। 22 साल की महसा अमिनी अपने परिवार से मिलने तेहरान आई थी। बताया जा रहा है कि उसने हिजाब नहीं पहना था। पुलिस ने तुरंत महसा को गिरफ्तार कर लिया। कहा जा रहा है कि अमिनी की पुलिस ने पिटाई की जिसके बाद वे कोमा में चली गई और (गिरफ्तारी के तीन दिन बाद, यानी 16 सितंबर को ) शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमिनी गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही कोमा में चली गई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया। परिवार का कहना है कि महसा को कोई बीमारी नहीं थी। उसकी हेल्थ बिल्कुल ठीक थी। हालांकि, उसकी मौत संदिग्ध बताई जा रही है। महिला की मौत के बाद से ही राजधानी तेहरान में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। विरोध में महिलाएं अपने बाल काट रही हैं और हिजाब जला रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महसा अमिनी को पुलिस वैन में पीटा गया। एक ईरानी महिला पत्रकार ने अपने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो शेयर किए हैं। इन वीडियोज में महिलाएं बाल काटते हुए और हिजाब को जलाते हुए दिख रही हैं।​