स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक होटल में आज सुबह आग लगने से दो लोगों की मौत हो गयी तथा सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। आग लगाने की यह घटना हजरतगंज के मदन मोहन मालवीय मार्ग पर स्थित लेवाना सूट होटल में हुई। जानकारी के अनुसार आग लगने के बाद होटल में फंसे दस लोगों को निकाल कर अस्पताल भेजा गया था, जिनमें से दो की मौत हो गयी, वहीं सात लोगों का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है । अब भी होटल में दमकल कर्मी तलाशी अभियान चला रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायलों के बारे में जानकारी ली तथा अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए।