एएनएम न्यूज़, ब्यूरो: जलवायु परिवर्तन का असर पूरी दुनिया में दिखने लगा है, खासकर यूरोप में अब इसका सबसे बुरा प्रभाव दिख रहा है। यह 500 साल के अपने सबसे बुरे सूखे की तरफ बढ़ रहा है। यहां तक कि आमतौर पर बारिश से भीगा रहने वाला इंग्लैंड भी सूखे से गुजर रहा है। यहां की सरकार ने इतिहास में पहली बार आधिकारिक तौर पर सूखे से गुजरने का एलान किया। इससे पहले फ्रांस और स्पेन के नेताओं ने भी कहा कि उनका देश अब तक की सबसे खतरनाक सूखे की स्थिति से गुजर रहा है। वैसे तो लगभग पूरे यूरोप में ही स्थिति काफी खराब है। लेकिन फ्रांस और स्पेन में बारिश की कमी और जंगलों में लगी आग की वजह से सूखे की स्थिति पैदा हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक ब्रिटेन में तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। पिछले महीने ही इंग्लैंड में इतिहास का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया था। इसके चलते यहां लोगों के पास पीने के पानी तक की कमी पैदा हो गई है। यूरोप में पिछले दो महीने से खास बारिश नहीं हुई, जिसके कारण आगे भी स्थिति के सुधरने की कोई खास उम्मीद नजर नहीं आ रही। इतना ही नहीं अमेरिका के कई राज्य भी पानी की भारी कमी से जूझ रहे हैं। इनमें कैलिफोर्निया से लेकर हवाई जैसे राज्य भी शामिल हैं।