स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज: आपको अपनी जन्म तिथि के बारे में पता होगा, अपने पिता की जन्म तिथि और शायद अपने दादा की भी तिथि ज्ञात होगी। ये भी मुमकिन है कि आपके पूर्वज, फैमिली ट्री बनाने में यकीन रखते होंगे जिसके चलते आपको आपके परिवार के 7-8 पुश्तों की डेट ऑफ बर्थ पता हो। मगर क्या आप धरती की जन्म तिथि के बारे में जानते हैं? वैज्ञानिकों ने धरती की उम्र के बारे में काफी कुछ पता लगा लिया है मगर करोड़ों साल बाद के लोगों को ये कैसे पता चला कि असल में धरती कब बनी थी? हाउ स्टफ वर्क्स वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार धरती की असल उम्र का पता कई सदियों से लोग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे पॉपुलर थ्योरी के अनुसार धरती की उम्र 450 करोड़ साल है जिसमें 5 करोड़ साल ऊपर-नीचे माना जाता है। साल 1950 के दौर में इस अंदाजे पर पहुंचा गया जिसके बाद से इसी को ही धरती की सही उम्र मानते हैं। चलिए अब जानते हैं कि इतने करोड़ साल बाद कैसे धरती की उम्र का अंदाजा लगाया गया।
मगर प्राचीन भारत के विद्वानों ने अपने ज्ञान से उस दौर में बिग बैंग जैसी घटना का अंदाजा लगाकर धरती की उम्र को 190 करोड़ साल बताया था। मध्य काल में ईसाइयों ने बाइबल में धरती की उम्र को खोजने की कोशिश की और तब वो उसकी उम्र 5 हजार साल से लेकर 7 हजार साल होने का ही अंदाजा लगा पाए। 1700 से लेकर 1800 के बीच में कई वैज्ञानिकों ने अलग-अलग अंदाजे लगाए। किसी ने धरती के ठंडे होने के अनुसार अंदाजा लगाया तो किसी ने तलछट यानी सेडिमेंट जमने के हिसाब से उम्र को आंका।