भाषा पर छिड़ी जंग

author-image
Harmeet
New Update
भाषा पर छिड़ी जंग

स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज : अजय देवगन और किच्चा सुदीप के बीच भाषा को लेकर चल रही बयानबाजी ने राजनीतिक रूप ले लिया है और कर्नाटक में अजय देवगन चर्चा का विषय बने हुए हैं। कर्नाटक के सभी नेता एकजुट होकर अजय देवगन के खिलाफ हो गए हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा है कि - किच्चा सुदीप ने जो कहा वह सही था। उन्होंने कहा एक राज्य भाषा के आधार पर बनता है इसलिए क्षेत्रीय भाषा महत्वपूर्णं है। हमारे राज्यों का गठन भाषा के ही आधार पर हुआ था, इसलिए हमें किच्चा सुदीप के बयान का सम्मान करना चाहिए। कर्नाटक के नेता सिद्दारमैया ने ट्वीट कर कहा- हिंदी कभी राष्ट्रभाषा नहीं थी और न होगी। सिद्दारमैया ने आगे कहा- हमारे देश की भाषाई विविधता का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। प्रत्येक भाषा का अपना समृद्ध इतिहास होता है, जिस पर लोगों को गर्व होता है और मुझे कन्नड़ होने पर गर्व है। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार भी इस बहस में शामिल हो गए। उन्होंने कहा- भारत में 19,500 मातृभाषाएं बोली जाती हैं। भारत के लिए हमारा प्यार हर भाषा में एक जैसा लगता है। एक गर्वित कन्नडिगा और एक गर्वित कांग्रेसी के रूप में मैं सभी को याद दिला दूं कि कांग्रेस ने भाषाई राज्यों का निर्माण किया ताकि कोई एक भाषा दूसरी पर हावी न हो।