स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज़: देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी से राहत के आसार नहीं है। पंजाब और उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज के साथ छींटे या हल्की धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में भी तपन से फौरी राहत मिल सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति संभव है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बुधवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है। बादल छाए रहने के साथ आंधी व बारिश की संभावना है। आईएमडी के अनुसार दिल्ली में बुधवार से दो दिनों तक बारिश होने वाली है। हालांकि, तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिलेगी, लेकिन बारिश की वजह से आंशिक राहत मिलने की संभावना है।